मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होना पड़ा भारी, बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का अल्टीमेटम!

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होना बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान के लिए भारी पड़ गया है। 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा आयोजित एक प्रदर्शन में हिस्सा लेने के कारण मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। हालांकि रात में उन्हें थाने से छोड़ दिया गया, लेकिन इस घटना के तुरंत बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का कड़ा नोटिस थमा दिया है। इस कार्रवाई के बाद से उनकी अमेरिकी नागरिकता और ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड की वैधता को लेकर राजनीतिक गलियारों में तेज बहस छिड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर को शाम करीब 5:20 बजे अभिनेता को अगस्त क्रांति मैदान से हिरासत में लिया गया था। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले इस प्रदर्शन में उनकी मौजूदगी के चलते पुलिस ने यह कार्रवाई की थी। हिरासत में रहने के दौरान भी अभिनेता ने सोशल मीडिया पर पुलिस की गाड़ी के अंदर से अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए अंग्रेजी में तंज कसते हुए लिखा था, ‘Apparantly I am going for a drive’। यानी उन्हें लग रहा था कि वे किसी सामान्य ड्राइव पर निकले हैं, हालांकि उन्हें कई घंटों तक पुलिस हिरासत में रखा गया था।
हिरासत से रिहाई के बाद अभिनेता ने मुंबई पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि मध्यरात्रि में रिहा होने के बाद जब उन्होंने घर लौटने के लिए कैब बुक करने की कोशिश की, तो पुलिस के डर से किसी भी कैब चालक ने उनकी बुकिंग स्वीकार नहीं की। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने जोरदार ‘जय हिंद’ का नारा भी लगाया था।
गिरफ्तारी से पहले पत्रकारों से बात करते हुए इमरान ने स्पष्ट किया था कि वह किसी राजनीतिक दल या संगठन के प्रतिनिधि के रूप में वहां नहीं गए थे। मुंबई के एक आम नागरिक के रूप में वह यह देखना चाहते थे कि लोगों की आवाजाही की स्वतंत्रता को क्यों सीमित किया जा रहा है और उनकी आवाज क्यों दबाई जा रही है। उन्होंने कहा था कि एक नागरिक के तौर पर उन्हें विरोध प्रदर्शन में भाग लेने का पूरा अधिकार है।
लेकिन इस घटना के सामने आने के बाद कई लोगों ने उनकी अमेरिकी नागरिकता और ओसीआई (OCI) कार्ड पर सवाल खड़े कर दिए। इमरान जन्म से अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओसीआई कार्ड है। यह कार्ड भारत में रहने और काम करने की अनुमति तो देता है, लेकिन यह कोई भारतीय नागरिकता प्रदान नहीं करता है। विदेशी नागरिकों द्वारा भारत में राजनीतिक प्रदर्शनों में हिस्सा लेने को लेकर लागू कानूनी प्रावधानों और प्रतिबंधों को लेकर अब गंभीर चर्चा शुरू हो गई है।
इससे पहले भाजपा नेता किरीट सोमैया ने अभिनेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। उनकी शिकायत के आधार पर ही इस पूरे मामले को आव्रजन (इमिग्रेशन) अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया था। आखिरकार, विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के दौरान किसी नियम के उल्लंघन को लेकर आव्रजन नियमों के तहत अभिनेता को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
