महिला आरक्षण और परिसीमन पर मोदी कैबिनेट की बैठक, विशेष सत्र में पेश हो सकते हैं नए बिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को पेश कर सकती है। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चलेगी। इस सत्र में प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा और पूरा ध्यान सरकारी कामकाज पर केंद्रित रहेगा।
प्रस्तावित विधेयकों में परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान शामिल हो सकता है। सरकार का मुख्य उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना है, जिसे 2029 के लोकसभा चुनाव से प्रभावी बनाने की योजना है। इन प्रस्तावों को पारित कराने के लिए सरकार को संसद में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी, जिसके लिए एनडीए को अतिरिक्त समर्थन जुटाना पड़ सकता है।
संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने भी शुक्रवार को संसदीय समिति की बैठक बुलाई है, जिसमें विपक्षी इंडिया ब्लॉक के नेता शामिल होंगे। सरकार और विपक्ष दोनों ही इन विधायी प्रस्तावों को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। अब सबकी नजरें कैबिनेट बैठक के फैसलों पर टिकी हैं कि सरकार इन विधेयकों को किस रूप में संसद में पेश करती है।
