महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें नमन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें सामाजिक क्रांति का अग्रदूत बताते हुए कहा कि शिक्षा को समाज में परिवर्तन का सबसे मजबूत माध्यम मानने वाले फुले ने बालिकाओं के लिए विद्यालय खोलकर नारी शिक्षा की नींव रखी थी। उन्होंने ‘सत्यशोधक समाज’ की स्थापना के माध्यम से समाज में समरसता और समानता का मार्ग प्रशस्त किया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि महात्मा फुले ने उस दौर में जातिगत भेदभाव, छुआछूत और स्त्री-असमानता जैसी कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई, जब इन्हें चुनौती देना अत्यंत साहसी कार्य था। उन्होंने सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर वर्ष 1848 में पुणे में बालिकाओं के लिए पहला विद्यालय स्थापित किया। बिरला ने उनके द्वारा विधवाओं के संरक्षण और वंचित समुदायों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को सामाजिक परिवर्तन की एक महत्वपूर्ण धारा बताया।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और शिवराज सिंह चौहान ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने कहा कि महात्मा फुले का जीवन और उनके विचार आज भी हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत हैं। भाजपा नेता नितिन नवीन ने भी उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वंचितों के सम्मान और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण हमें सदैव एक समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देता रहेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *