परिसीमन विधेयक से महिला आरक्षण लागू करने का मार्ग प्रशस्त: मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन के माध्यम से सीटों में प्रस्तावित वृद्धि से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री ने इसे देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस प्रस्ताव के माध्यम से वर्ष 2029 तक महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में ठोस प्रगति होगी। इससे महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल होने और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का विस्तार करने के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त किया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। शासन और प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी है, जो प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि परिसीमन संबंधी यह प्रस्ताव नारी शक्ति वंदन अधिनियम की परिकल्पना को साकार करने में निर्णायक साबित होगा।
