एक ही परिवार के 13 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, चीखों से गुंजा वैशाली!

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी के बीच एक ऐसा भयानक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एक पारिवारिक दावत में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों की नाव अचानक बीच गंगा में पलट गई, जिससे कम से कम 14 लोगों की जल समाधि हो गई। इस भयावह दुर्घटना में मरने वालों में अधिकांश छोटे बच्चे और मासूम शामिल हैं। सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृत 14 लोगों में से 13 बच्चे एक ही बड़े परिवार के चिराग थे। जानकारी के मुताबिक, इस नाव पर लगभग 15 से 20 यात्री सवार थे, जो पास के ही एक गांव में खुशी-खुशी न्योता खाने जा रहे थे। लेकिन रात करीब 8:30 बजे गंगा नदी के बीचों-बीच यह नाव अनियंत्रित होकर गहरे पानी में पलट गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में हाहाकार मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और आपदा प्रबंधन (SDRF) की टीमों को सूचित किया। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रात के अंधेरे में ही पानी में बह गए लोगों की तलाश शुरू की गई। कई लोगों को नदी से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में गोताखोर लगातार नदी के कोने-कोने को खंगाल रहे हैं।
हादसे के बाद घाट का नजारा इतना खौफनाक और करुणाजनक था कि वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। अपने मासूम बच्चों को खो चुकी माताओं की चीख-पुकार और बिलखने की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। कोई मां अपने सीने को पीट-पीटकर रो रही थी, तो कोई स्तब्ध होकर नदी की लहरों को देख रही थी। स्थिति का जायजा लेने पहुंचीं जिलाधिकारी वर्षा सिंह को गले लगाकर रोती हुई माताओं का दृश्य देख हर कोई भावुक हो गया। एक ही कुनबे के 13 चिरागों के एक साथ बुझ जाने से पूरा गांव किसी श्मशान घाट में तब्दील हो गया है। पीड़ित परिवारों के सारे सपने और भविष्य एक ही पल में गंगा की धारा में बह गए।
शुरुआती पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से पता चला है कि जिस नाव पर लोग सवार थे, उसमें नीचे एक छोटा सा छेद था। बीच नदी में पहुंचने पर उस छेद से नाव के अंदर तेजी से पानी भरने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते या नाविक संभाल पाता, नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पूरी तरह पानी में समा गई। इस अकल्पनीय हादसे पर दुख जताते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं राघोपुर के स्थानीय विधायक और राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन को राहत, बचाव और घायलों के समुचित इलाज में तेजी लाने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
