भारत के साथ अन्याय: ट्रंप की नीति पर पूर्व मंत्री का आरोप
डोनाल्ड ट्रंप के फिर से व्हाइट हाउस लौटने के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में खिंचाव गहराता दिख रहा है। व्यापारिक समझौते पर बातचीत जारी है, लेकिन ट्रंप प्रशासन की नई शुल्क नीति ने दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा दिया है। इसी बीच, अमेरिका की पूर्व वाणिज्य मंत्री जीना राइमोंडो ने ट्रंप की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि “भारत जैसे मित्र देशों के साथ अन्याय हो रहा है।”
हार्वर्ड केनेडी स्कूल में एक कार्यक्रम के दौरान जीना ने कहा, “ट्रंप सरकार की नीतियां अमेरिका को विश्व मंच पर अलग-थलग कर रही हैं। ‘अमेरिका को महान बनाना’ एक बात है, लेकिन उसे दुनिया से काट देना विनाशकारी है।” उन्होंने यूरोप, जापान और दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। जीना ने यह भी जोड़ा, “भारत के साथ जो व्यवहार किया जा रहा है, वह एक गंभीर गलती है।”
ज्ञात हो कि व्यापार समझौते के टलने के बाद अमेरिका ने भारत पर पहले 25 प्रतिशत शुल्क लगाया था, जिसे बाद में रूस से तेल खरीद के मुद्दे पर बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया। अमेरिकी प्रशासन के इस कदम की आलोचना न केवल भारत में बल्कि खुद अमेरिका के भीतर भी हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप की कठोर व्यापार नीति से वैश्विक स्तर पर अमेरिका की साख को नुकसान पहुंच रहा है।
