ट्रंप अगले साल भारत दौरे पर, मोदी की तारीफ

वॉशिंगटन डी.सी.: अमेरिका और भारत के बीच संबंधों में नई गर्माहट देखने को मिल रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि भारत ने रूस से तेल खरीद में उल्लेखनीय कमी की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “मित्र” बताते हुए कहा कि उनके साथ नियमित बातचीत होती है और संभावना जताई कि वे अगले वर्ष भारत दौरे पर आ सकते हैं।
ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “मोदी ने रूस से तेल खरीदना काफी हद तक कम कर दिया है। वह मेरे दोस्त हैं, और एक अद्भुत व्यक्ति हैं। वे चाहते हैं कि मैं भारत आऊं, हम जल्द ही इस पर चर्चा करेंगे।” जब उनसे पूछा गया कि क्या वे वास्तव में भारत आएंगे, तो ट्रंप ने मुस्कुराते हुए कहा, “हां, हो सकता है।”
पिछले सप्ताह भी ट्रंप ने कहा था कि वे भारत के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के इच्छुक हैं और मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की थी। ह्वाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने भी पुष्टि की कि दोनों देशों के बीच संभावित व्यापार समझौते पर बातचीत जारी है। वहीं, रूस से तेल आयात में कमी के संकेत मिलने के बाद यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत कर सकता है।
