एलन मस्क की संपत्ति पर पोप लियो की कड़ी टिप्पणी

दुनिया के सबसे बड़े ईसाई धर्मगुरु पोप लियो ने टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की लगातार बढ़ती संपत्ति को लेकर चिंता जताई है। कैथोलिक वेबसाइट क्रक्स को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि “सीईओ और आम कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ती दूरी आने वाले समय में वैश्विक असमानता को और गहरा कर सकती है।”

पोप लियो ने याद दिलाया कि करीब 60 साल पहले कंपनी प्रमुख और कर्मचारियों की सैलरी में केवल छह गुना का अंतर था, लेकिन आज यह खाई 600 गुना तक पहुंच चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि मस्क जैसे अरबपतियों की बढ़ती संपत्ति दुनिया को नई सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों की ओर धकेल सकती है। फोर्ब्स के मुताबिक मस्क की मौजूदा संपत्ति लगभग 463.2 अरब डॉलर आंकी गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पोप लियो का बयान हाल में आई ऑक्सफैम रिपोर्ट से मेल खाता है, जिसमें बताया गया कि 2019 से 2024 के बीच सीईओ की सैलरी औसतन 50 प्रतिशत बढ़ी, जबकि कर्मचारियों को सिर्फ 0.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी मिली। इस बढ़ती असमानता के चलते दुनिया के कई देशों में विरोध-प्रदर्शन हुए हैं। लियो का कहना है कि अगर यह अंतर नहीं घटा, तो सामाजिक असंतोष और गहराएगा।