ईरान परमाणु कार्यक्रम पर IAEA की चिंताजनक रिपोर्ट
वियना स्थित संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी एजेंसी IAEA ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। एजेंसी की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, 13 जून को इजराइल के सैन्य हमले से ठीक पहले ईरान ने 60% तक संवर्धित यूरेनियम का 440.9 किलोग्राम का स्टॉक जमा कर लिया था। यह मई की तुलना में 32.3 किलोग्राम अधिक है। विशेषज्ञों का कहना है कि 90% संवर्धन स्तर पर हथियार तैयार हो सकता है और 60% का स्तर उससे बेहद करीब माना जाता है।
IAEA ने बताया कि यह निष्कर्ष ईरान द्वारा उपलब्ध कराए गए डेटा, मई और जून के बीच की जांच और पुराने ऑपरेशनों पर आधारित अनुमान से निकाला गया है। हालांकि, इजराइल और अमेरिका की बमबारी के बाद से प्रभावित परमाणु साइट्स पर स्वतंत्र निरीक्षण बहाल नहीं हो सका है। केवल बुशेहर न्यूक्लियर पावर प्लांट, जो रूस की मदद से चलता है, की जांच हो पाई है।
एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने ईरान से तुरंत सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि निरीक्षकों की वापसी सुरक्षा कारणों से हुई थी, लेकिन उसके बाद सहयोग बंद होना गंभीर चिंता का विषय है। रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ 42 किलोग्राम 60% संवर्धित यूरेनियम को 90% तक ले जाने पर एक परमाणु बम तैयार किया जा सकता है। इस स्थिति ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय में गहरी चिंता पैदा कर दी है।
