भारत-अमेरिका ने किया 10 साल का रक्षा समझौता

मलेशिया में भारत और अमेरिका के बीच 10 साल का रक्षा समझौता हुआ है, जिसने दोनों देशों के संबंधों में नई गति ला दी है। इस समझौते पर भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेरिकी युद्ध सचिव पिट हग्सेथ ने हस्ताक्षर किए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।

समझौते के बाद हग्सेथ ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मैंने राजनाथ सिंह के साथ 10 वर्षीय भारत-अमेरिका रक्षा ढांचा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह हमारे रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाएगा, जो क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।” दोनों देशों ने रक्षा तकनीक, सूचना साझाकरण और समन्वय बढ़ाने पर भी सहमति जताई है।

इस बैठक में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और जीई एयरोस्पेस के बीच एफ-414 इंजन के संयुक्त उत्पादन पर भी चर्चा हुई। राजनाथ सिंह ने इस समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की बात कही, जिससे भारत की घरेलू रक्षा उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और आयात पर निर्भरता घटेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, यह समझौता एशिया-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच भारत-अमेरिका साझेदारी को नई दिशा देगा।