एलन मस्क के बाद अब लैरी एलिसन बने नंबर दो अमीर

ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडेक्स के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, Oracle के सह-संस्थापक लैरी एलिसन अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने Meta के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। एलिसन की कुल संपत्ति अब 251 अरब डॉलर पहुंच गई है, जबकि जुकरबर्ग की संपत्ति मामूली अंतर से पीछे रह गई। मंगलवार को एलिसन की नेटवर्थ में 4.71 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं जुकरबर्ग की संपत्ति में 3.59 अरब डॉलर की गिरावट देखी गई।

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति अब भी टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क हैं, जिनकी संपत्ति 357.8 अरब डॉलर है। दूसरी पायदान की इस होड़ में एलिसन की सफलता का श्रेय Oracle के शेयरों में आई हालिया तेजी को जाता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में निवेशकों की बढ़ती रुचि के चलते Oracle के शेयरों ने जोरदार छलांग लगाई है। बीते तीन महीनों में कंपनी के शेयरों में 90% तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे एलिसन की नेटवर्थ में भारी इजाफा हुआ।

Oracle ने हाल ही में क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा सेंटर्स के क्षेत्र में कई बड़े समझौते किए हैं। अमेरिका सरकार की नई नीतियों और सेमीकंडक्टर उद्योग में आई तेजी ने भी कंपनी को फायदा पहुंचाया है। एलिसन ने घोषणा की है कि वे अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा एलिसन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को दान देंगे, जो AI, कृषि और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देता है।