आसियान शिखर सम्मेलन में जयशंकर-रुबियो मुलाकात, व्यापार समझौते पर बनी सहमति
कुआलालंपुर में चल रहे आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच सोमवार को एक अहम बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक व्यापार सहयोग पर विस्तृत चर्चा की। बातचीत का मुख्य केंद्र भारत-अमेरिका के बीच लंबित व्यापार समझौता रहा, जिस पर जल्द ही हस्ताक्षर होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्र बताते हैं कि समझौते के अधिकांश बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है, जबकि कुछ अंतिम तकनीकी पहलू शेष हैं। बैठक के बाद जयशंकर ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर लिखा, “कुआलालंपुर में मार्को रुबियो से मुलाकात हुई। द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय मुद्दों और वैश्विक परिदृश्य पर सार्थक बातचीत हुई।” यह संकेत देता है कि दोनों देश हालिया “शुल्क बम” और “वीजा विवाद” के बाद रिश्तों को नई दिशा देने के लिए तत्पर हैं।
राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुलाकात भारत-अमेरिका संबंधों में एक सकारात्मक मोड़ साबित हो सकती है। दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। आसियान सम्मेलन के मंच पर यह वार्ता न केवल आर्थिक सहयोग को गहराई देगी, बल्कि वैश्विक शक्ति संतुलन में भी नई संभावनाओं का संकेत देती है।
