ईरान: 14 वर्षीय किशोरी की पति ने की हत्या, 10 दिन पहले ही बनी थी मां

ईरान के करमान प्रांत में 14 वर्षीय सोगंद मोश्तारेकी की उसके 20 वर्षीय पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका ने घटना के 10 दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। रिपोर्ट के अनुसार, सोगंद ने अपने पति से मायके जाने की अनुमति मांगी थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और पति ने उसकी जान ले ली। आरोपी ने पारिवारिक विवाद का हवाला देते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक, सोगंद का पति उसे उसके परिवार से मिलने नहीं देता था और घर से बाहर जाते समय उसे अक्सर बंद करके रखता था। सोगंद ने हाल ही में एक सड़क दुर्घटना का सामना किया था, जिसमें वह बाल-बाल बची थी और सुरक्षित बच्चे को जन्म दिया था। हालांकि, प्रसव के कुछ ही दिनों बाद उसे घरेलू हिंसा का शिकार होना पड़ा।
ईरान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी महीने फार्स प्रांत में 21 वर्षीय गर्भवती महिला सेपिदेह रईसी और सनंदाज शहर में 19 वर्षीय गर्भवती हेलिया फत्ताही की भी हत्या कर दी गई। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि भेदभावपूर्ण कानूनों और पुरुष प्रधान व्यवस्था के कारण ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
