रजनीकांत के सामने क्यों कांपने लगी थीं विद्या बालन? ‘जेलर 2’ के सेट पर पहले ही दिन हो गई थी घबराहट

सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ में अभिनेत्री विद्या बालन एक दमदार और खतरनाक ‘कान्था’ के किरदार में नजर आने वाली हैं। लेकिन फिल्म के पहले ही दिन जब उनका सामना रजनीकांत से हुआ, तो वह बुरी तरह घबरा गईं। इस दिलचस्प खुलासे को फिल्म के निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार ने एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान साझा किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग के पहले ही दिन विद्या को रजनीकांत के सामने एक इंटेंस सीन शूट करना था, जिसमें उन्हें सिगरेट पीकर उसका धुआं सीधे सुपरस्टार के चेहरे पर छोड़ना था। इतने बड़े लीजेंड के सामने ऐसा सीन करने को लेकर विद्या काफी ज्यादा नर्वस थीं।
नेल्सन दिलीपकुमार ने विस्तार से बताया कि विद्या का ऐसा महसूस करना पूरी तरह स्वाभाविक था, क्योंकि वह पर्दे पर एक बेहद पावरफुल और मजबूत किरदार निभा रही हैं, जो सीधे तौर पर रजनीकांत के खिलाफ खड़ा होता है। फिल्म के टीजर और ट्रेलर में विद्या का जो सीन दिखाया गया है, वह असल में शूटिंग के पहले ही दिन का है। निर्देशक ने कहा कि वह चाहते थे कि जब उनका किरदार परदे पर आए तो उसमें पूरा आत्मविश्वास झलके, लेकिन खुद विद्या शुरुआत में इस स्तर के ताकतवर किरदार को निभाने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थीं।
नेल्सन ने किस्सा साझा करते हुए कहा, “ट्रेलर में विद्या मैम का जो सीन आप देख रहे हैं, उसे हमें बिना किसी पूर्व तैयारी के पहले ही दिन शूट करना पड़ा था। एक ऐसा दमदार कैरेक्टर जो सीधे रजनी सर के सामने टक्कर लेता है। हालांकि, उन्होंने पहले ही कह दिया था कि वह इतने पावरफुल रोल को लेकर थोड़ा डरी हुई हैं। जब मैंने उनसे कहा कि शॉट के दौरान आपको सिगरेट लगानी होगी और धुआं सीधे रजनी सर के फेस पर उड़ाना होगा, तो उनकी टेंशन और ज्यादा बढ़ गई।”
सीन को परफेक्ट बनाने में कुछ मशक्कत करनी पड़ी थी। इस बारे में नेल्सन ने बताया, “जब हम कैमरे पर शॉट ले रहे थे, तब मैंने मॉनिटर पर देखा कि मैम ने सिगरेट को कुछ इस तरह पकड़ा हुआ था जैसे वह होंठों पर लिपस्टिक लगा रही हों। उस पल मुझे अहसास हुआ कि यह तरीका काम नहीं करेगा। इसके बाद हमने रीटेक किए और शायद तीसरे टेक में जाकर हमें वह सही शॉट मिल पाया, जो फिल्म में रखा गया है। अगर आप उस सीन को गौर से देखेंगे, तो आपको उनकी आंखों में हल्की सी घबराहट साफ नजर आएगी।”
बात करें फिल्म की रिलीज की, तो रजनीकांत की यह मेगा-बजट फिल्म ‘जेलर 2’ आगामी 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। रिलीज में अब महज दो दिन बचे हैं और इसकी एडवांस बुकिंग बेहद धमाकेदार तरीके से चल रही है। फिल्म में रजनीकांत और विद्या बालन के अलावा रम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिरना और ऋत्विक जैसे बेहतरीन कलाकार अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरेंगे। इसके अलावा पार्ट 2 में एस.जे. सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारमूदू, अन्ना राजन और जतिन सरना जैसे मंजे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का रोमांच तब और बढ़ जाता है जब इसमें मोहनलाल, शिव राजकुमार, जैकी श्रॉफ और विजय सेतुपति जैसे दिग्गज सितारों के कैमियो की बात सामने आती है। चर्चा यह भी है कि फिल्म में ऋतिक रोशन का भी एक धमाकेदार कैमियो देखने को मिल सकता है, जो फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं होगा।
