सूडान में भारतीय युवक का अपहरण, पूछा गया– “क्या तुम शाहरुख खान को जानते हो?”

युद्धग्रस्त सूडान से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले के निवासी आदर्श बेहेरा को विद्रोही संगठन रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) ने कथित रूप से अगवा कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि विद्रोही लड़ाके बेहेरा को घेरकर उनसे पूछ रहे हैं—“क्या तुम शाहरुख खान को जानते हो?” हालांकि, इन वीडियो की प्रामाणिकता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

रिपोर्टों के अनुसार, 2022 से सूडान की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में कार्यरत आदर्श को अल फाशिर से अगवा कर दक्षिण दारफुर की राजधानी न्याला लाया गया है, जो RSF का प्रमुख गढ़ माना जाता है। वायरल तस्वीरों में उन्हें दो विद्रोहियों के बीच बैठे देखा जा सकता है। फिलहाल, उनके अपहरण के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन परिजन केंद्र और राज्य सरकार से त्वरित हस्तक्षेप की अपील कर रहे हैं।

ज्ञात हो कि 2023 से सूडान गृहयुद्ध की चपेट में है। देश की सेना और RSF के बीच सत्ता संघर्ष में अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है। राजधानी खार्तूम से लेकर पश्चिमी दारफुर तक हिंसा और लूटपाट का दौर जारी है। ऐसे हालात में एक भारतीय नागरिक का अपहरण भारत सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।