रणवीर सिंह की ‘डॉन 3’ पर खतरा, शूटिंग फिर टली

रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म डॉन 3 एक बार फिर संकट में नजर आ रही है। फिल्म की शूटिंग अगस्त 2023 में शुरू होनी थी, लेकिन पहले इसे जनवरी 2025 तक टाल दिया गया। अब खबर है कि निर्देशक फरहान अख्तर पहले अपनी फिल्म बहादुर 120 पर ध्यान देना चाहते हैं, जिस कारण डॉन 3 का काम एक बार फिर से टल गया है। नई रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स अब फिल्म को 2026 तक पोस्टपोन करने या इसे पूरी तरह डिब्बाबंद करने पर विचार कर रहे हैं।

फिल्म को लेकर अनिश्चितता तब और बढ़ गई जब विक्रांत मैसी, जो फिल्म में विलेन की भूमिका निभाने वाले थे, ने प्रोजेक्ट छोड़ दिया। इससे पहले अभिनेत्री कियारा आडवाणी भी प्रेग्नेंसी के चलते फिल्म से अलग हो चुकी थीं। उनकी जगह कृति सेनन को कास्ट करने की बात कही गई थी, लेकिन फिलहाल उस दिशा में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इन बदलावों ने फिल्म की क्रिएटिव और प्रोडक्शन टीम के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।

एक सूत्र ने बॉक्स ऑफिस वर्ल्ड डॉट कॉम को बताया, “फिल्म से जुड़ी तकनीकी और डेट की दिक्कतों के चलते अब तक कोई ठोस शेड्यूल तय नहीं किया जा सका है। रणवीर सिंह को भी मौजूदा हालात से अवगत करा दिया गया है।” अब देखना होगा कि मेकर्स डॉन 3 को लेकर क्या अंतिम निर्णय लेते हैं, क्योंकि फैंस इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं, लेकिन असमंजस लगातार गहराता जा रहा है।