आमिर खान: छोटी हाइट से थी टेंशन, अब कर रहे बायोपिक
बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों की एक दिलचस्प बात साझा की। 37 साल से हिंदी सिनेमा में सक्रिय आमिर ने खुलासा किया कि जब उन्होंने इंडस्ट्री में कदम रखा, तब उनकी छोटी हाइट को लेकर उन्हें हमेशा टेंशन रहती थी। अभिनेता ने कहा कि उन्हें लगता था कि इतनी कद-काठी वाले दिग्गज सितारों के बीच उनका टिक पाना मुश्किल होगा।
आमिर ने एक इंटरव्यू में कहा था, “अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा और विनोद खन्ना जैसे स्टार्स उस दौर में इंडस्ट्री पर छाए हुए थे। उनकी लंबाई और पर्सनैलिटी देखकर मैं सोचता था कि मेरे जैसे छोटी हाइट वाले एक्टर का क्या होगा?” हालांकि, वक्त ने साबित किया कि आमिर का अभिनय ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी और उन्होंने दर्शकों का दिल जीतकर खुद को शीर्ष अभिनेताओं की सूची में शामिल कर लिया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो जून 2025 में रिलीज हुई फिल्म सितारे जमीन पर ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की। इस फिल्म के बाद अब आमिर खान दादा साहब फाल्के की बायोपिक में नजर आने वाले हैं। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है, क्योंकि दोनों पहले भी ‘पीके’ और ‘थ्री इडियट्स’ जैसी हिट फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
