बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल के घर चोरी! 5 लाख का कंगन गायब, नौकरानी गिरफ्तार

बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के मुंबई स्थित घर में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अभिनेत्री की मां आशा पटेल ने मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में सोने और हीरे के कीमती आभूषण चोरी होने की एफआईआर दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस ने एक नौकरानी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिछले जनवरी महीने में चर्चगेट स्थित आशा पटेल के आवास से करीब 5 लाख रुपये कीमत का हीरे का कंगन गायब हो गया था। शुरुआत से ही नौकरानी सीमा पर शक था। करीब पांच-छह महीने तक कई बार उससे आभूषण वापस करने का अनुरोध किया गया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अंततः मजबूर होकर अमीषा की मां ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी नौकरानी को विरार इलाके से गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश किए जाने पर जज ने उसे 15 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, चोरी गए आभूषण अभी तक बरामद नहीं हुए हैं और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
