बिहार में अधिक मतदान एनडीए के पक्ष में: अमित शाह

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड 64.6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। 2000 में यह आंकड़ा 62 प्रतिशत था। मतदान के बढ़े हुए प्रतिशत को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि यह बढ़ा मतदान एनडीए के पक्ष में गया है और गठबंधन 160 से अधिक सीटें जीतने की ओर अग्रसर है।

शाह ने एक राष्ट्रीय समाचार चैनल से बातचीत में कहा, “बढ़ा हुआ मतदान इस बात का सबूत है कि बिहार की जनता एनडीए को ही चाहती है। वे नहीं चाहते कि विपक्ष फिर से सत्ता में आकर राज्य को पीछे ले जाए।” उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में एनडीए सरकार ने सड़कों, पुलों, बिजली और उद्योग से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का काम किया है, और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई राह पकड़ी है।

हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बढ़ा मतदान अक्सर सत्ता-विरोधी लहर का संकेत देता है। लेकिन एनडीए खेमे ने इस धारणा को सिरे से खारिज किया है। उनके अनुसार, यह मतदाता उत्साह एनडीए सरकार के प्रति जनता के भरोसे का प्रमाण है। अमित शाह का भी यही कहना है कि बिहार की जनता विकास की निरंतरता चाहती है, न कि अराजकता की वापसी।