अंध्र के मंदिर हादसे में 12 की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक

अंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को हुए भयावह मंदिर हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जबकि करीब 30 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा एकादशी के अवसर पर आयोजित विशेष पूजा के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण हुआ, जब अफरातफरी में कई श्रद्धालु गिर पड़े और भगदड़ मच गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। उन्होंने अपने X (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर लिखा, “अंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर की घटना अत्यंत दुखद है। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएँ हैं। घायल जल्द स्वस्थ हों, यही प्रार्थना है।” प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि देने की घोषणा की।
अंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी शोक जताते हुए अधिकारियों को घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह “एक अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है,” और प्रशासन को हालात पर कड़ी नजर रखने को कहा है। स्थानीय प्रशासन ने मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन की समीक्षा शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।
