रजनीकांत के साथ विद्या बालन का दक्षिणी डेब्यू

बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन अब दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विद्या जल्द ही तमिल सुपरस्टार रजनीकांत के साथ फिल्म ‘जेलर 2’ में नजर आएंगी। यह फिल्म नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बन रही है, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती भी एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। बताया जा रहा है कि विद्या, मिथुन की बड़ी बेटी का किरदार निभाएंगी, जबकि मिथुन फिल्म में खलनायक की भूमिका में होंगे।

फिलहाल फिल्म की शूटिंग चेन्नई में जारी है, जिसके बाद टीम गोवा में अगले शेड्यूल की तैयारी करेगी। सूत्रों के मुताबिक, इस फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन कार्य जनवरी 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। फिल्म के मेकर्स ने दीपावली के मौके पर शूटिंग फ्लोर से एक बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो शेयर किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

विद्या बालन ने इससे पहले 2019 में तमिल फिल्म ‘नेरकोंडा पारवई’ में कैमियो किया था, लेकिन ‘जेलर 2’ उनका पहला बड़ा तमिल प्रोजेक्ट होगा। रजनीकांत और विद्या की संभावित ऑन-स्क्रीन जोड़ी को लेकर दर्शकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म ‘जेलर 2’ के 12 जून 2026 को रिलीज होने की संभावना जताई जा रही है।