विराट कोहली रिकॉर्ड्स: सिडनी में सचिन को पीछे छोड़ रचा नया इतिहास
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे आधुनिक क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी हैं। पर्थ और एडिलेड में डक पर आउट होने के बाद कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में नाबाद 74 रन बनाकर शानदार वापसी की। उनकी यह पारी न सिर्फ मैच में भारत के लिए निर्णायक साबित हुई, बल्कि आंकड़ों के लिहाज से भी ऐतिहासिक रही।
इस पारी के साथ कोहली ने सफल रन चेज में 6,000 रन पूरे कर लिए, ऐसा करने वाले वे वनडे इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 102 पारियों में 89.29 की औसत से 6,072 रन बनाए हैं। इस दौरान कोहली ने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 232 पारियों में 69 बार 50 से ज्यादा रन बनाए थे। कोहली अब 161 पारियों में 70 बार 50 प्लस स्कोर कर चुके हैं, जबकि रोहित शर्मा 55 बार के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
इसके अलावा, कोहली ने श्रीलंका के कुमार संगकारा को भी सीमित ओवरों के क्रिकेट में पीछे छोड़ दिया है। अब उनके नाम वनडे और टी20 मिलाकर 18,443 रन दर्ज हैं, जबकि संगकारा के नाम 18,436 रन हैं। रोहित शर्मा के साथ कोहली ने साझेदारी में भी नया मुकाम हासिल किया — दोनों ने मिलकर 5,483 रन जोड़कर वनडे इतिहास की तीसरी सबसे सफल जोड़ी बन गए हैं। सिडनी में कोहली का बल्ला सिर्फ रन नहीं, बल्कि नए रिकॉर्ड भी बरसाता दिखा।
