एडिलेड वनडे से पहले विराट कोहली को ऑस्ट्रेलियाई चेतावनी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ वनडे में खाता तक नहीं खोल पाए विराट कोहली को अब एडिलेड वनडे से पहले नई चुनौती मिल गई है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट ने साफ कहा है कि उनकी टीम के तेज गेंदबाज विराट की ऑफ स्टंप के बाहर की कमजोरी को एक बार फिर निशाना बनाएंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे 23 अक्टूबर को एडिलेड में खेला जाएगा, जहां कोहली का रिकॉर्ड अब तक शानदार रहा है।
मैथ्यू शॉर्ट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैं हेजलवुड और स्टार्क को जानता हूं, वे विराट की कमजोरी का फायदा उठाना जारी रखेंगे। हाल ही में विराट इसी तरह आउट हो रहे हैं। पर्थ में उन्होंने परिस्थितियों को अपने पक्ष में काम करने दिया था—थोड़ी स्विंग, थोड़ा उछाल, और वही योजना अब एडिलेड में भी काम आ सकती है।” शॉर्ट के इस बयान ने मुकाबले से पहले रोमांच और बढ़ा दिया है।
हालांकि विराट कोहली एडिलेड में पांच अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ चुके हैं और उनका रिकॉर्ड यहां दमदार है। पर्थ में जहां भारत का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया था, वहीं टीम को उम्मीद है कि कोहली इस बार अपनी लय में लौटकर ऑस्ट्रेलिया की चुनौती का जवाब बल्ले से देंगे। एडिलेड वनडे अब एक तरह से कोहली बनाम ऑस्ट्रेलिया की रणनीति की जंग बन चुकी है।
