बार-बार बढ़ जाता है यूरिक एसिड? जानिए कैसे करें कंट्रोल
अगर आपको अक्सर पैरों या घुटनों में दर्द की शिकायत रहती है, तो यह सिर्फ थकान नहीं, बल्कि शरीर में यूरिक एसिड बढ़ने का संकेत भी हो सकता है। आरएमएल हॉस्पिटल, दिल्ली के मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि बताते हैं कि जब खानपान असंतुलित होता है या रेड मीट, मटन, मशरूम जैसी हाई प्रोटीन डाइट ली जाती है, तो शरीर में प्यूरीन नामक केमिकल के टूटने से यूरिक एसिड बढ़ जाता है। आमतौर पर यह मूत्र के जरिए बाहर निकल जाता है, लेकिन किडनी पर अधिक दबाव पड़ने से इसका स्तर खून में जमा होने लगता है।
डॉ. गिरि के अनुसार, रेड मीट, राजमा, दाल, फूलगोभी और पालक जैसे खाद्य पदार्थों के साथ-साथ शुगर ड्रिंक्स, शराब और बीयर का सेवन भी यूरिक एसिड को तेजी से बढ़ाता है। इसके अलावा, पानी की कमी या जेनेटिक कारणों से भी इसका स्तर बढ़ सकता है। अगर परिवार में किसी को यूरिक एसिड की समस्या रही हो, तो अन्य सदस्यों को भी इसका खतरा रहता है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए रेड मीट और हाई प्रोटीन डाइट से परहेज करें, साथ ही फलों, हरी सब्जियों और साबुत अनाज को भोजन में शामिल करें। रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और विटामिन सी युक्त फल जैसे नींबू और संतरे का सेवन शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। नियमित जीवनशैली और संतुलित आहार से यूरिक एसिड पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
