गूगल पर केस: ऐश्वर्या-अभिषेक ने मांगे 4 करोड़
नई दिल्ली: बॉलीवुड स्टार दंपति ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन ने डिपफेक और फर्जी कंटेंट को लेकर गूगल के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद दोनों ने अपनी प्रतिष्ठा धूमिल होने का हवाला देते हुए 4 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है। अदालत ने माना कि बिना अनुमति सितारों की छवि का इस्तेमाल उनके अधिकारों का उल्लंघन है।
हालिया शिकायत में कहा गया है कि एआई की मदद से दोनों कलाकारों के चेहरों का इस्तेमाल कर भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरें बनाई गईं। यहां तक कि उन तस्वीरों का उपयोग कॉफी मग और टी-शर्ट जैसे उत्पादों पर भी किया गया। कोर्ट को सौंपे गए 1500 पन्नों के दस्तावेज़ों में 518 वेबसाइट और कई यूट्यूब लिंक शामिल हैं, जहां ऐसे कंटेंट प्रसारित किए गए।
अदालत ने इसे न केवल आर्थिक नुकसान बल्कि निजी गरिमा पर सीधा हमला बताया। न्यायाधीशों ने कहा कि किसी भी सेलिब्रिटी की छवि का इस तरह व्यावसायिक शोषण करना दर्शकों को गुमराह करने के साथ-साथ उनके मूलभूत अधिकारों का हनन है। अब बच्चन दंपति ने गूगल से जवाबदेही तय करते हुए 4 करोड़ की क्षतिपूर्ति मांगी है। यह मामला आने वाले समय में डिजिटल युग में व्यक्तियों की प्रतिष्ठा और अधिकारों की सुरक्षा के लिए नजीर साबित हो सकता है।
