बिहार चुनाव: BJP बदलेगी 30% उम्मीदवार, शाह करेंगे दौरा
बिहार चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी इस बार करीब 30 फीसदी टिकट काट सकती है। इसमें 15–20 मौजूदा विधायकों के साथ 2020 में हार चुके उम्मीदवारों को भी मौका नहीं दिया जाएगा। पार्टी का मानना है कि एंटी-इंकम्बेंसी को तोड़ने और जीत की संभावना बढ़ाने के लिए नए चेहरों को आगे लाना जरूरी है।
बीजेपी ने उम्मीदवारों के चयन में उम्र, प्रदर्शन और सक्रियता को अहम मानक बनाया है। 70 वर्ष से ऊपर के कई विधायकों का टिकट कटना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, 2020 के चुनाव में जहां जीत-हार का अंतर बेहद कम रहा था, उन सीटों पर भी बदलाव की संभावना है। स्थानीय स्तर पर सर्वे, जिलाध्यक्षों का फीडबैक और पिछली चुनावी रिपोर्ट इस प्रक्रिया का हिस्सा होंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 सितंबर से बिहार दौरे पर रहेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि शाह की अगुवाई में होने वाली बैठकों में प्रत्याशियों की सूची पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। बीजेपी ने राज्य को पांच जोन में बांटकर समीक्षा शुरू कर दी है। साफ है कि इस बार पार्टी जीताऊ और युवा उम्मीदवारों पर दांव लगाने की रणनीति अपना रही है।
