भारत-अमेरिका ट्रेड वार्ता से पहले बढ़ा तनाव
भारत और अमेरिका के बीच होने वाली बहुप्रतीक्षित ट्रेड वार्ता से पहले माहौल गर्माता दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सलाहकार पीटर नवारो ने फिर भारत पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि “India is coming to the table,” लेकिन साथ ही भारत को “हाई टैरिफ, हाई बैरियर” वाला देश बताते हुए पुराना तंज दोहराया। नवारो पहले भी भारत को “महाराजा ऑफ टैरिफ” कह चुके हैं।
दिल्ली में मंगलवार को होने वाली इस वार्ता से पहले ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर उम्मीद जताई थी कि जल्द ही एक सकारात्मक नतीजा निकलेगा। मोदी ने अमेरिका को “प्राकृतिक साझेदार” कहा तो ट्रंप ने दोनों देशों को “महान दोस्त” बताते हुए डील की संभावना जताई। लेकिन नवारो के कड़े बयानों ने वार्ता का तापमान बढ़ा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा कि अमेरिका को भारत के साथ “अनफेयर ट्रेड” स्वीकार नहीं है और भारत अमेरिकी नौकरियां हथियाना चाहता है।
भारत की तरफ से मुख्य वार्ताकार राजेश अग्रवाल ने पुष्टि की कि अमेरिकी प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच दिल्ली पहुंचेंगे। हालांकि, बातचीत के एजेंडे को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई। विशेषज्ञ मानते हैं कि ट्रंप की “दोस्ती और दबाव” की दोहरी रणनीति और नवारो के तल्ख सुर यह संकेत देते हैं कि ट्रेड वार्ता आसान नहीं होगी। असली परीक्षा अब दिल्ली में होने वाली इस मुलाकात में होगी, जहां यह तय होगा कि ट्वीट की मिठास भारी पड़ती है या फिर टैरिफ की तल्खी।
