त्योहारों से पहले मिला तोहफा, आसान हुआ GST 2.0

त्योहारों से पहले केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए जीएसटी को और सरल बना दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षकों के साथ संवाद में कहा कि GST 2.0 आम लोगों की जिंदगी को आसान बनाने वाला सबसे बड़ा सुधार है। अब केवल दो ही दरें रहेंगी– 5 और 18 फीसदी। यह बदलाव 22 सितंबर, नवरात्र के पहले दिन से लागू होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि पनीर से लेकर शैम्पू तक रोजमर्रा की कई चीजें अब सस्ती होंगी। उन्होंने दावा किया, “जो वादा किया था, उसे पूरा किया है। इस बार दीवाली और छठ पूजा पर खुशियों का डबल धमाका होगा।” मोदी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले टॉफी से लेकर साइकिल तक पर भारी टैक्स लगाया जाता था, जिससे आम लोगों का जीवन और कठिन हो जाता था।

विशेषज्ञों का मानना है कि नए बदलाव से मिडिल क्लास को सीधा फायदा होगा और खपत बढ़ने से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। पीएम मोदी ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा, “GST 2.0 देश के लिए सपोर्ट और ग्रोथ की डबल डोज है, और सुधार की यह प्रक्रिया अब रुकने वाली नहीं है।”