चिया सीड्स बनाम फ्लैक्स: वजन घटाने में कौन है असरदार?
आजकल फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर जागरूकता बढ़ती जा रही है। लोग वजन कम करने के लिए डाइट से लेकर वर्कआउट तक कई उपाय अपनाते हैं। ऐसे में चिया और फ्लैक्स सीड्स भी काफी लोकप्रिय हो गए हैं, जिन्हें सुपरफूड्स की श्रेणी में रखा जाता है।
नोएडा स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की क्लीनिकल न्यूट्रिशन हेड डॉ. करुणा चतुर्वेदी के अनुसार, चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड और फाइबर भरपूर होता है, जबकि फ्लैक्स सीड्स अल्फा-लिनोलेनिक एसिड (ALA) से समृद्ध हैं। दोनों ही दिल को स्वस्थ रखने, पाचन को मजबूत बनाने और वजन को मैनेज करने में सहायक हैं। हालांकि, ज्यादा सेवन करने पर गैस और सूजन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि रोजाना एक चम्मच (15–30 ग्राम) चिया या फ्लैक्स सीड्स लेना पर्याप्त है। इन्हें पानी, दही या स्मूदी में मिलाकर खाया जा सकता है। जहां तक वजन घटाने की बात है, चिया सीड्स में अधिक फाइबर होने के कारण यह भूख को लंबे समय तक नियंत्रित रखते हैं और वजन घटाने में फ्लैक्स सीड्स की तुलना में ज्यादा मददगार साबित होते हैं।
