Asia Cup 2025: हारिस रऊफ की धमकी पर Team India का पलड़ा भारी
एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। इससे पहले पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज हारिस रऊफ ने बयान देकर माहौल को और गरमा दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ होने वाले दोनों मैच जीत लेगा। भारतीय फैंस उन्हें मज़ाक में “हारिस टेपियां” कहते हैं और उनके इस बयान को हल्के में लेकर सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल कर रहे हैं।
हालांकि मैदान पर हालात कुछ और ही बयान कर रहे हैं। पाकिस्तान हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज़ हारकर आया है, जिससे उनका आत्मविश्वास डगमगा गया है। दूसरी ओर Team India अपनी सबसे मजबूत टीम के साथ एशिया कप में उतर रही है। शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी पूरी तरह फिट और फॉर्म में हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी है।
इतिहास भी यही इशारा करता है। एशिया कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 19 मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 10 जीते जबकि पाकिस्तान सिर्फ 6 जीत पाया। वहीं आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत का दबदबा और भी स्पष्ट है। ऐसे में रऊफ का बयान भले ही पाकिस्तानी फैन्स को जोश दिलाए, लेकिन मौजूदा फॉर्म और रिकॉर्ड को देखते हुए Team India को हराना पाकिस्तान के लिए आसान नहीं होगा। दुबई में 14 सितंबर का यह मुकाबला पूरे एशिया की नज़रें खींचने वाला साबित होगा।
