खेल मंत्रालय का फैसला: पाकिस्तान से द्विपक्षीय खेल नहीं
भारत सरकार के खेल मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ अब द्विपक्षीय खेल मुकाबले नहीं होंगे। हालांकि, टीम इंडिया को एशिया कप और अन्य बहुपक्षीय टूर्नामेंटों में खेलने की अनुमति जारी रहेगी। मंत्रालय ने गुरुवार को नई नीति जारी करते हुए कहा कि यह कदम भारत-पाकिस्तान के बिगड़े संबंधों के मद्देनजर उठाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह नीति तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान की टीमें भारत में द्विपक्षीय मैच नहीं खेल पाएंगी और भारतीय खिलाड़ी भी पाकिस्तान जाकर किसी द्विपक्षीय श्रृंखला में हिस्सा नहीं लेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “पाकिस्तान से जुड़े खेल आयोजनों में भारत का दृष्टिकोण व्यापक विदेश नीति के अनुरूप ही रहेगा।”
हालांकि, बहुपक्षीय आयोजनों जैसे एशिया कप, विश्व कप या ओलंपिक में इसका असर नहीं पड़ेगा। खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया, “हम भारतीय टीम को एशिया कप जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेलने से नहीं रोक सकते क्योंकि यह बहुराष्ट्रीय आयोजन हैं और ओलंपिक चार्टर का हिस्सा हैं।” इस फैसले को भारत-पाकिस्तान खेल संबंधों में स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है—द्विपक्षीय संपर्क नहीं, लेकिन वैश्विक खेल मंच पर भागीदारी जारी।
