पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ के आवास पर असमंजस
देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई, 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था। वर्तमान में वे उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में रह रहे हैं और नियमों के अनुसार लगभग 15 महीनों तक वहीं ठहर सकते हैं। हालांकि, धनखड़ ने अब तक शहरी विकास मंत्रालय से स्थायी सरकारी आवास के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं किया है।
मंत्रालय के अधीन कार्यरत डायरेक्टर ऑफ़ एस्टेट ने उनके लिए 34 एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग पर टाइप-8 श्रेणी का बंगला पहले ही खाली करा लिया है। विभाग के अनुसार, यदि धनखड़ को यह आवास पसंद नहीं आता है तो उन्हें वैकल्पिक आवास भी उपलब्ध कराया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति पद से हटने के बाद पूर्व पदाधिकारी को दिल्ली के लुटियन जोन में टाइप-8 आवास या उनके पैतृक स्थान पर दो एकड़ भूमि का विकल्प दिया जाता है।
इस्तीफे के बाद अब देश को नया उपराष्ट्रपति चुनना है। चुनाव आयोग ने कार्यक्रम घोषित कर दिया है, जिसके तहत 9 सितंबर को मतदान होगा। एनडीए ने सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि इंडिया गठबंधन ने बी. सुदर्शन रेड्डी को प्रत्याशी उतारा है। मतदान के बाद उसी दिन नए उपराष्ट्रपति की घोषणा हो जाएगी। इस बीच, धनखड़ के स्थायी आवास को लेकर मंत्रालय की तैयारी चर्चा में बनी हुई है।
