कार्तिक आर्यन संग शिमित अमीन की ‘कैप्टन इंडिया’ तय, 2027 में रिलीज़

बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन अपने करियर के सुनहरे दौर में हैं और अब उन्होंने ‘चक दे इंडिया’ फेम निर्देशक शिमित अमीन के साथ हाथ मिला लिया है। दोनों पहली बार फिल्म कैप्टन इंडिया में साथ काम करने जा रहे हैं, जिसकी शूटिंग 2026 के मध्य में शुरू होगी और रिलीज़ 2027 में तय की गई है। फिल्म को भारत और मोरक्को में शूट किया जाएगा, जिसमें मोरक्को की लोकेशन पहले से फाइनल हो चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक, शिमित अमीन ने फिल्म के लिए एक दमदार और टाइट स्क्रीनप्ले तैयार किया है। जब उन्होंने यह कहानी कार्तिक को सुनाई, तो अभिनेता ने तुरंत हामी भर दी। यह प्रोजेक्ट कार्तिक के मौजूदा सभी कमिटेड फिल्मों के पूरा होने के बाद शुरू होगा। ‘कैप्टन इंडिया’ के जरिए दर्शकों को एक रोमांचक और प्रेरक सिनेमाई अनुभव मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल कार्तिक आर्यन कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं, जिनमें समीर विध्वंश की तू मेरी मैं तेरा, अनुराग बासु की एक रोमांटिक फिल्म और मृघदीप सिंह लांबा की नगजिल्ला शामिल हैं। वहीं, शिमित अमीन ‘अब तक छप्पन’ और ‘रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर’ जैसी चर्चित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में ‘कैप्टन इंडिया’ दर्शकों के लिए एक और यादगार सहयोग साबित हो सकता है।