रिलायंस पावर का मुनाफा छलांगा मारकर पहुंचा ₹44.68 करोड़

मुंबई: अनिल अंबानी की पसंदीदा कंपनियों में शुमार रिलायंस पावर ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹44.68 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया है। यह उपलब्धि खास इसलिए भी है क्योंकि पिछले वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को ₹97.85 करोड़ का घाटा हुआ था। कंपनी ने बताया कि परिचालन खर्च घटकर ₹1,953.01 करोड़ पर आ गया, जो पिछले साल ₹2,142.51 करोड़ था। हालांकि, कुल आमदनी में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जो ₹2,025.31 करोड़ रही।

कंपनी की परिचालन इकाइयों ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश स्थित रोसा पावर प्लांट ने 97% पीएलएफ हासिल किया, जबकि मध्यप्रदेश की सासुन अल्ट्रा मेगा परियोजना ने 91% पीएलएफ पर काम किया। इसके अलावा रिलायंस एनयू एनर्जीज को एसजेवीएन से आईएसटीएस से जुड़ी सौर और बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजना का बड़ा ठेका मिला है, जिससे भविष्य में राजस्व में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।

शेयर बाजार में भी रिलायंस पावर ने दमदार वापसी की है। बीते 6 महीनों में इसके शेयरों ने 57% की बढ़त दर्ज की, जबकि सालभर में निवेशकों को 136% तक का मल्टीबैगर रिटर्न मिला। कंपनी के इन नतीजों के बाद विश्लेषक मानते हैं कि आगामी कारोबारी सत्र में शेयरों में और उछाल आ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कंपनी की यही रफ्तार रही, तो यह ऊर्जा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती है।