भारत में टेस्ला की एंट्री पर बोले आनंद महिंद्रा

मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में टेस्ला ने भारत में अपने पहले शोरूम की शुरुआत की है। इस मौके पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्घाटन किया, जबकि कंपनी ने अपनी लोकप्रिय Model Y SUV को पहली पेशकश के रूप में लॉन्च किया। भारत में टेस्ला की आधिकारिक एंट्री को लेकर उद्योग जगत में हलचल है। इसी बीच महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने X (पूर्व ट्विटर) पर टेस्ला के भारत आने का स्वागत करते हुए लिखा, “दुनिया का सबसे बड़ा EV बाजार अब और भी रोमांचक होगा। कॉम्पटीशन इनोवेशन को बढ़ाता है। चार्जिंग स्टेशन पर आपसे मुलाकात का इंतजार रहेगा।”

महिंद्रा की टिप्पणी जहां एक ओर सौहार्द्र दिखाती है, वहीं यह संकेत भी देती है कि भारत का EV बाजार अब और प्रतिस्पर्धी होगा। हालांकि फिलहाल टेस्ला और महिंद्रा के उत्पाद सीधे टकराव में नहीं हैं, फिर भी दोनों कंपनियां इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में हैं, जिससे बाजार में अप्रत्यक्ष प्रतिस्पर्धा बनी रहेगी। महिंद्रा वर्तमान में टाटा और MG के बाद तीसरे स्थान पर है और अपनी XUV400 जैसी मॉडलों के जरिए भारतीय बाजार में मजबूती बनाए हुए है।

टेस्ला ने ऐसे समय भारत में कदम रखा है जब यूरोप और चीन में उसकी बिक्री में गिरावट आई है। विशेषज्ञों के अनुसार, कंपनी की शुरुआती खेप में Model Y SUV चीन से आयात की गई है। कंपनी ने भारत में अपने वाहनों के प्रदर्शन और टेस्ट ड्राइव के लिए आवश्यक ट्रेड सर्टिफिकेट भी हाल ही में हासिल किया है। हालांकि, अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप द्वारा टेस्ला की भारत एंट्री पर सवाल खड़े करने से कंपनी के वैश्विक समीकरणों पर असर पड़ सकता है। फिर भी भारत में टेस्ला की मौजूदगी से EV सेक्टर को एक नई गति मिलने की संभावना है।