महिला वर्ल्ड कप 2025 शेड्यूल घोषित, भारत-पाक भिड़ंत 5 अक्तूबर को

भारतीय महिला क्रिकेट टीम 30 सितंबर से शुरू हो रहे महिला वर्ल्ड कप 2025 में खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला गुवाहाटी में श्रीलंका के खिलाफ होगा, जहां हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया जीत के साथ अभियान की शुरुआत करना चाहेगी। पिछली बार सेमीफाइनल में जगह न बना पाने वाली मेजबान टीम इस बार घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने को तैयार है।

भारतीय टीम का दूसरा मैच 5 अक्तूबर को पाकिस्तान से होगा, जिसे लेकर दर्शकों में खासा रोमांच है। अब तक खेले गए सभी 11 वनडे मुकाबलों में भारत ने पाकिस्तान को हराया है, वहीं वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया इस इतिहास को बरकरार रखने के लिए मैदान में उतरेगी। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि भारत-पाक मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण साबित होगा।

इस वर्ल्ड कप में भारत को ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों से भी भिड़ना है। सेमीफाइनल मुकाबले 29 और 30 अक्तूबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 2 नवंबर को होगा। सभी मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होंगे। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि इस बार महिला टीम अपनी खिताबी प्यास बुझाकर इतिहास रचेगी।