चुनाव आयोग के खिलाफ राहुल गांधी का बड़ा ऐलान, 24 घंटे के नोटिस पर देशव्यापी आंदोलन के लिए रहें तैयार!

चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ चुनाव आयोग के विरुद्ध आंदोलन जारी रखने का स्पष्ट संदेश लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिया है। उन्होंने INDIA गठबंधन के सभी घटक दलों को आने वाले समय में महज 24 घंटे के नोटिस पर एक बार फिर बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहने को कहा है। मंगलवार को अपने आधिकारिक आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं, छात्र प्रतिनिधियों और नागरिक समाज के सदस्यों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद उन्होंने यह बात कही।
राहुल गांधी ने बैठक के बाद जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका या अदालतों के फैसलों पर विपक्ष का राजनीतिक संघर्ष निर्भर नहीं करेगा। हालांकि विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में हाल ही में याचिका दायर की है और अदालत की प्रतिक्रिया का इंतजार भी किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद राजनीतिक प्रतिरोध और जन आंदोलन लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन यानी एसआईआर प्रक्रिया और वैध मतदाताओं के नाम हटाने को लेकर विपक्षी चिंताओं का संतोषजनक समाधान नहीं कर रहा है। इसी के चलते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया को रोकने की मांग को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है।
