भारत की बुलेट ट्रेन 2027 में दौड़ेगी पहला चरण

भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना पर बड़ा अपडेट सामने आया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल का पहला खंड 2027 तक यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। यह खंड गुजरात के सूरत से बिलिमोरा तक 50 किलोमीटर लंबा होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि 2029 तक पूरी लाइन चालू हो जाएगी, जिससे दोनों शहरों के बीच का सफर केवल 2 घंटे 7 मिनट में पूरा होगा।

सूरत स्टेशन का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने कहा कि परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। यहां ट्रैक बिछाने और पहला टर्नआउट लगाने का काम पूरा हो चुका है। नई तकनीक जैसे रोलर बेयरिंग और कम्पोजिट स्लीपर का इस्तेमाल किया जा रहा है। मुख्य लाइन को 320 किलोमीटर प्रति घंटा की गति के लिए डिज़ाइन किया गया है, जबकि लूप लाइन 80 किलोमीटर प्रति घंटा की होगी। सेफ्टी के लिए आधुनिक सिस्टम लगाए जा रहे हैं, जो भूकंप और तेज हवाओं से सुरक्षा देंगे।

मंत्री ने यह भी बताया कि यह प्रोजेक्ट केवल परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी गति देगा। जापान में हाई-स्पीड रेल की तरह यह परियोजना शहरों के बीच नए आर्थिक अवसर खोलेगी। इसके अलावा, सरकार चार और बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की योजना पर भी काम कर रही है।