हरियाणा: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 200 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी गिरफ्तार

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 200 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के प्रमुख एएस चावला ने बताया कि विभाग न केवल रिश्वतखोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रहा है, बल्कि जांच पूरी करने और अदालतों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।
राज्य में दर्ज किए गए कुल 239 मामलों की एफआईआर ‘हरसमय’ पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम और हिसार में सबसे अधिक 50-50 मामले दर्ज हुए हैं। इसके अलावा रोहतक में 39, करनाल में 32, फरीदाबाद में 30, अंबाला में 21 और पंचकूला में 17 मामले दर्ज किए गए हैं।
ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत दें। शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, वॉट्सऐप नंबर 94178-91064 और ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल एप के जरिए भी साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
