समान अवसर के लिए कथनी नहीं, करनी जरूरी: राष्ट्रपति मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि देश सांस्कृतिक गौरव के साथ गुलामी की मानसिकता से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने संविधान की मूल भावना का उल्लेख करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे को इसके चार स्तंभ बताया। राष्ट्रपति ने कहा कि संविधान का कई भारतीय भाषाओं में अनुवाद होने से इसकी भावना आम जनता तक पहुंच रही है। उन्होंने महिला वकीलों की बढ़ती संख्या पर खुशी जताई और कहा कि संविधान के पहले अनुच्छेद में पूरी दुनिया को बदलने की क्षमता है।
न्याय तक पहुंच पर चिंता जताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि गरीब और वंचित वर्ग के लिए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचना आसान नहीं है। उन्होंने जिला अदालतों में लंबित मामलों को कम करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि गरीब बच्चों को गरीबी की मानसिकता के साथ आगे बढ़ने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। सरकार द्वारा वोट और भोजन के अधिकार के साथ ही समान अवसर सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।
नक्सलवाद के मुद्दे पर राष्ट्रपति ने कहा कि देश अब नक्सलमुक्त हो गया है। उन्होंने आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं की मासूमियत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बरगलाया गया था। उन्होंने संस्थाओं से अपील की कि वे इन लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए माता-पिता की तरह भूमिका निभाएं। राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए सभी संस्थाओं को सक्रिय होकर काम करना होगा ताकि हर नागरिक को समान अवसर मिल सकें।
