सपा का ‘जन पत्र’: महिलाओं को 40 हजार रुपये और बेटियों को मिलेगी आर्थिक मदद

समाजवादी पार्टी ने अपने ‘जन पत्र’ में महिलाओं, बेटियों और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए कई बड़े वादे किए हैं। पार्टी प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने बताया कि घोषणा पत्र के तहत महिलाओं को 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, इंटरमीडिएट पास करने वाली बेटियों को 36 हजार रुपये, घर में बेटी के जन्म पर सोना और युवतियों को ‘कन्या विद्या धन’ देने का वादा किया गया है। युवाओं के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई है।
पार्टी प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान में पूर्ण विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पार्टी संविधान में आस्था रखने वाले हर नागरिक का सम्मान करती है और किसी के पहनावे या वेशभूषा से उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। पीडीए विचारधारा के माध्यम से पार्टी शोषित और पीड़ित वर्गों के हितों के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर उन्होंने कहा कि दोनों दल विपक्षी इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं और उनके बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर पर चल रही यह प्रक्रिया जल्द ही सकारात्मक परिणाम देगी। इमरान मसूद के बयान पर उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
