पंजाब में ‘आप’ सरकार पूरी तरह विफल, जनता इसे नकारने को तैयार: राजीव बब्बर

भाजपा नेता राजीव बब्बर ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में नशीले पदार्थों की लत दस गुना बढ़ गई है। उन्होंने दावा किया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्या की जा रही है, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। बब्बर के अनुसार, पंजाब की जनता ‘आप’ के दावों की सच्चाई समझ चुकी है और आगामी चुनावों में पार्टी को दहाई का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल होगा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास ‘शीशमहल’ को लेकर भी बब्बर ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खुद को आम आदमी बताने वाले अरविंद केजरीवाल ने जनता के पैसे का दुरुपयोग कर ऐशो-आराम की सुविधाएं जुटाईं। बब्बर ने आरोप लगाया कि कोविड काल के दौरान जब लोग संकट में थे, तब केजरीवाल ने अपने घर में छह लाख रुपये की जकूजी और सोने की फिटिंग लगवाई थी।
भाजपा नेता ने इसे बेईमानी की बड़ी मिसाल करार देते हुए कहा कि दिल्ली को लूटने के बाद अब वही काम पंजाब में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के दोहरे मापदंड अब पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं और पंजाब के जागरूक लोग इस सरकार को पूरी तरह से नकारने के लिए तैयार हैं।
