त्रिपुरा: आशाबाड़ी में सरकारी जमीन पर बने सात अवैध घर ध्वस्त

त्रिपुरा के आशाबाड़ी में प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच सरकारी भूमि पर बने सात अवैध घरों को ध्वस्त कर दिया है। यह विध्वंस अभियान बीएसएफ की 49वीं बटालियन की सीमा चौकी के पास सुबह 11 बजे शुरू हुआ। इस दौरान क्षेत्र में पुलिस और बीएसएफ के जवानों की भारी तैनाती की गई थी और बुलडोजर की मदद से अवैध संरचनाओं को हटाया गया।
यह कार्रवाई 2 नवंबर को सेपाहिजाला जिले के कलामचोरा थाना क्षेत्र में बीएसएफ कर्मियों पर हुए हमले के बाद की गई है। घटना के बाद प्रशासन ने सरकारी भूमि का निरीक्षण कर अतिक्रमण की पहचान की थी। कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर सुनवाई का अवसर भी दिया गया था, लेकिन उनके द्वारा जमीन खाली न करने पर प्रशासन ने यह कदम उठाया।
प्रशासन ने क्षेत्र में कई अन्य अवैध निर्माणों की भी पहचान की है, जिन्हें आने वाले समय में हटाया जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और तस्करी के नेटवर्क को लेकर चिंता जताई है। प्रशासन का कहना है कि सीमा सुरक्षा को मजबूत करने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
