गोविंदा पर सुनीता आहूजा का खुलासा, सोनाली बेंद्रे ही रहीं अपवाद
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा का रिश्ता अक्सर सुर्खियों में रहता है। कभी तलाक की चर्चाओं से तो कभी धार्मिक आयोजनों में साथ दिखने से, दोनों की निजी जिंदगी हमेशा चर्चा का विषय रही है। हाल ही में सुनीता ने एक रियलिटी शो में गोविंदा को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया।
कलर्स के शो पति पत्नी और पंगा – जोड़ियों का रियलिटी चेक में सुनीता ने खुलासा किया कि गोविंदा ने अपने करियर में लगभग हर को-स्टार के साथ फ्लर्ट किया है। लेकिन उन्होंने मजाकिया लहजे में बताया कि सोनाली बेंद्रे इस मामले में अपवाद रहीं। इस खुलासे पर सोनाली शरमा गईं और दर्शकों ने जोरदार ठहाके लगाए। सुनीता का यह बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले महीने गोविंदा और सुनीता के तलाक की खबरों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, बाद में दोनों को गणेश उत्सव में साथ देखा गया और उनके वकील ने तलाक की खबरों को अफवाह करार दिया। इसके बावजूद, सुनीता समय-समय पर अपने बयानों से गोविंदा और उनकी निजी जिंदगी को चर्चाओं में बनाए रखती हैं।
