सोनिया गांधी ने आत्मकथा में साझा किया कैंसर से जंग का अनुभव

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों और कैंसर से जूझने के अपने अनुभवों का विस्तार से वर्णन किया है। वर्ष 2010 में स्तन कैंसर की आशंका के चलते उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी गई थी। निजता बनाए रखने के लिए उन्होंने मिलान के यूरोपियन इंस्टिट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी में इलाज कराने का निर्णय लिया। इस दौरान उनके बच्चे राहुल और प्रियंका उनके साथ थे। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने दो ट्यूमर निकाले, जिससे उन्हें लंबी रेडियोथेरेपी से राहत मिली।
स्वस्थ होने के करीब एक साल बाद, नियमित जांच के दौरान उनके अग्न्याशय (पैंक्रियाज) में एक और गांठ का पता चला। इस बार उनका इलाज नीदरलैंड के रॉटरडैम स्थित इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर में हुआ। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने बताया कि ट्यूमर कैंसर-पूर्व की शुरुआती अवस्था में था, जिससे वह समय रहते उबर गईं। इस दौरान उन्होंने अपनी बीमारी की जानकारी केवल तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कुछ करीबी सहयोगियों तक ही सीमित रखी थी।
आत्मकथा में उन्होंने 2016 में वाराणसी की रैली के दौरान बेहोश होने की घटना का भी जिक्र किया है। अत्यधिक थकान के कारण वह गिर पड़ी थीं, जिससे उनके कंधे में गंभीर चोट आई और उन्हें ऑपरेशन कराना पड़ा। हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक उनके जीवन के विभिन्न पड़ावों, नेहरू-गांधी परिवार में विवाह और राजनीति में प्रवेश जैसे महत्वपूर्ण विषयों को समेटे हुए है।
