त्योहारी सीजन में कंफर्म टिकट की टेंशन खत्म! दक्षिण भारत से बंगाल के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का ऐलान

त्योहारी सीजन के दौरान ट्रेनों में कंफर्म टिकट पाने की जद्दोजहद और भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत दक्षिण भारत से संतरागाछी और खड़गपुर के लिए कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है, जिससे यात्रियों का आवागमन सुगम हो सके। तांबरम, पोदनूर और तिरुवनंतपुरम नॉर्थ से चलने वाली ये स्पेशल ट्रेनें व्यस्त रूटों पर अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मददगार साबित होंगी।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 06065 तांबरम-संतरागाछी पूजा स्पेशल ट्रेन 15 अक्टूबर को रात 11 बजे तांबरम से प्रस्थान कर तीसरे दिन सुबह 7:45 बजे संतरागाछी पहुंचेगी। वापसी में 06066 संतरागाछी-चेन्नई बीच स्पेशल 17 अक्टूबर को सुबह 10:45 बजे संतरागाछी से चलकर अगले दिन शाम 7 बजे चेन्नई बीच पहुंचेगी। यह ट्रेन खड़गपुर और बालासोर में रुकेगी। इसके अलावा, 16 अक्टूबर को रात 11 बजे तांबरम से खुलने वाली 06087 स्पेशल और 18 अक्टूबर को संतरागाछी से रवाना होने वाली 06088 स्पेशल ट्रेन भी यात्रियों को बेहतरीन सुविधा प्रदान करेगी।
इसी प्रकार, 06149 पोदनूर-खड़गपुर पूजा स्पेशल ट्रेन 14 अक्टूबर को सुबह 7:40 बजे पोदनूर से रवाना होकर अगले दिन रात 8 बजे खड़गपुर पहुंचेगी। वापसी में 06150 खड़गपुर-चेन्नई बीच स्पेशल 15 अक्टूबर को रात 11 बजे खड़गपुर से छूटकर तीसरे दिन सुबह 8:45 बजे चेन्नई बीच पहुंचेगी। वहीं, 06105 तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-संतरागाछी स्पेशल ट्रेन 15 अक्टूबर को दोपहर 2:15 बजे चलकर तीसरे दिन दोपहर 1:45 बजे संतरागाछी पहुंचेगी और वापसी में 06106 संतरागाछी-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ स्पेशल 18 अक्टूबर को दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी। इन सभी ट्रेनों के ठहराव खड़गपुर और बालासोर स्टेशनों पर सुनिश्चित किए गए हैं, जिससे दक्षिण भारत में रहने वाले प्रवासियों को इस पूजा सीजन में घर लौटने में काफी सहूलियत होगी।
