ट्रंप-मोदी की नियमित बातचीत, जल्द हो सकता है व्यापार समझौता

व्हाइट हाउस ने सोमवार को दावा किया कि भारत और अमेरिका के बीच उच्च-स्तरीय बातचीत लगातार जारी है, और दोनों देशों के बीच जल्द ही व्यापार समझौता हो सकता है। प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि “राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करते हैं, और वे नियमित रूप से बात करते हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों के अधिकारी आर्थिक सहयोग और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर निरंतर संवाद बनाए हुए हैं।
लेविट के अनुसार, “राष्ट्रपति और उनकी व्यापार टीम भारत के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा कर रही है।” यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंध और निवेश के नए अवसरों पर बातचीत तेज हो गई है। हाल ही में दक्षिण कोरिया दौरे के दौरान ट्रंप ने मोदी की जमकर प्रशंसा की थी और संकेत दिया था कि “भारत के साथ एक मज़बूत व्यापार समझौता जल्द ही संपन्न हो सकता है।”
हालांकि, ट्रंप के हालिया दावों को लेकर भारत ने कई बार आपत्ति जताई है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कुछ चर्चाओं का राष्ट्रपति के बयानों से मेल नहीं है। फिर भी, दोनों देशों के बीच संवाद की आवृत्ति यह दर्शाती है कि द्विपक्षीय व्यापार समझौता अब पहले से कहीं अधिक नज़दीक है।
