ईस्ट बंगाल देगा रिचा घोष और दीप्ति शर्मा को सम्मान

कोलकाता के ऐतिहासिक ईस्ट बंगाल क्लब ने विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दो नायिकाओं—रिचा घोष और दीप्ति शर्मा—को सम्मानित करने की घोषणा की है। क्लब ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई संदेश भेजते हुए कहा कि उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल देश बल्कि बंगाल का भी नाम रोशन किया है।
क्लब के अध्यक्ष एम.एल. लोहिया ने बताया कि रिचा और दीप्ति को आधिकारिक बधाई पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा, “ये दोनों खिलाड़ी हमारे गर्व का प्रतीक हैं। रिचा उत्तर बंगाल की प्रतिनिधि हैं, जबकि दीप्ति ने लंबे समय तक बंगाल क्रिकेट की परंपरा को आगे बढ़ाया है।” ईस्ट बंगाल क्लब का कहना है कि बहुत जल्द दोनों खिलाड़ियों को उनके अनुकूल समय पर औपचारिक सम्मान समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, समारोह की तारीख और स्थान जल्द घोषित किए जाएंगे। ईस्ट बंगाल का मानना है कि रिचा घोष और दीप्ति शर्मा की उपलब्धियां बंगाल के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ती हैं। इस सम्मान के माध्यम से क्लब न केवल उनकी मेहनत को सराहना चाहता है, बल्कि महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव को भी सलाम कर रहा है।
