मुरैना: वन भूमि पर चल रही थीं दो दर्जन से अधिक अवैध खदानें, विभाग ने शुरू की कार्रवाई

मुरैना: वन भूमि पर चल रही थीं दो दर्जन से अधिक अवैध खदानें, विभाग ने शुरू की कार्रवाई

मुरैना के पहाड़ी चौकी के पास वन भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध पत्थर खनन का मामला सामने आया है। यहां दो दर्जन से अधिक खदानें संचालित की जा रही थीं, जहां से पत्थर निकालकर मुरैना, ग्वालियर और बामोर के क्रेशर प्लांट तक भेजे जाते थे। नेशनल हाईवे-44 से चार किलोमीटर दूर स्थित इस क्षेत्र में खनन के कारण जमीन पर 20 फीट तक गहरे गड्ढे हो चुके हैं।

वन विभाग की टीम ने जेसीबी मशीनों के जरिए इन खदानों को बंद करने की कार्रवाई शुरू की है। मौके पर चार जेसीबी मशीनें तैनात की गई थीं। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी असहज नजर आए और मीडिया की मौजूदगी में काम को रोक दिया गया। डिप्टी रेंजर सोनू सिकरवार ने खनन के आरोपों को नकारते हुए दावा किया कि माफिया द्वारा बनाए गए रास्तों को बंद किया जा रहा है, जबकि मौके पर खनन के स्पष्ट निशान मौजूद हैं।

इतने बड़े स्तर पर अवैध खनन लंबे समय से कैसे चल रहा था, इसे लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। डीएफओ, एसडीओ और रेंजर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। फिलहाल, क्षेत्र में ग्रामीणों की आवाजाही रोकने के लिए वनरक्षकों की तैनाती की गई है और अवैध खनन में शामिल लोगों व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *