लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े दो संविधान संशोधन विधेयक पेश

लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े दो संविधान संशोधन विधेयक पेश

केंद्र सरकार संसद में दो संविधान संशोधन विधेयक और एक केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इन विधेयकों का मुख्य उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना और कुल सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करना है। प्रस्तावित बदलावों के तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 850 हो जाएगी, जिसमें राज्यों से 835 और केंद्र शासित प्रदेशों से 15 सीटें शामिल होंगी।

संविधान संशोधन विधेयक के प्रावधानों के अनुसार, महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था शुरुआती 15 वर्षों के लिए लागू रहेगी और इसके तहत सीटें रोटेट की जाएंगी। नए ढांचे के तहत 2051 तक निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं स्थिर रखी जाएंगी। राज्यों के बीच सीट बंटवारे के लिए 1971 की जनगणना को आधार माना जाएगा, जबकि निर्वाचन क्षेत्रों की आंतरिक सीमाओं के निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना का उपयोग प्रस्तावित है।

सरकार ने लोकसभा में लंबित परिसीमन विधेयक, 2026 को वापस लेने का निर्णय लिया है, क्योंकि इसके स्थान पर परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 लाया जा रहा है। इन विधेयकों के माध्यम से हर राज्य की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की समान बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे राज्यों के बीच आनुपातिक प्रतिनिधित्व में कोई बदलाव नहीं आएगा। इन विधेयकों पर मंगलवार शाम चार बजे मतदान होने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *